ई-सारथी परियोजना को किया प्रभावी क्रियान्वयन
सैफई के यूपीयूएमएस में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ई-सारथी परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा उत्तर प्रदेश सरकार,उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट एवं यूपीयूएमएस सैफई के संयुक्त प्रयासों से आयोजित की गई। कार्यशाला में ई-सारथी परियोजना के पायलट चरण के अंतर्गत चयनित पांच जनपदों के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर के संचालन एवं रेफरल प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ई-सारथी परियोजना के अंतर्गत यूपीयूएमएस सैफई को इटावा,मैनपुरी, औरैया,फिरोजाबाद एवं शिकोहाबाद क्षेत्र के संबंधित जिला अस्पतालों के लिए हब एवं कमांड सेंटर के रूप में नामित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत यूपीयूएमएस इन पांच जनपदों के जिला अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मरीजों के रेफरल की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित,पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ई-सारथी परियोजना का प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में रेफरल व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा मरीजों को आवश्यकता के अनुरूप उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक समयबद्ध एवं उचित उपचार के लिए पहुंच सुनिश्चित करना है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से रेफरल प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे मरीजों को बिना समुचित चिकित्सकीय मूल्यांकन एवं आवश्यक समन्वय के उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजे जाने की प्रवृत्ति अर्थात अनावश्यक अथवा ब्लाइंड रेफरल पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। साथ ही,मरीज की चिकित्सकीय स्थिति एवं उपचार संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप उचित संस्थान तक रेफरल सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
कार्यशाला में पांचों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों तथा संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में महानिदेशक,चिकित्सा शिक्षा डॉ.आलोक कुमार की उपस्थिति रही। इस अवसर पर यूपीयूएमएस के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक का समुचित उपयोग समय की आवश्यकता है। ई-सारथी जैसी डिजिटल पहल रेफरल व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ मरीजों को सही समय पर सही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्साकर्मियों से अपील की कि वे इस नई तकनीकी व्यवस्था एवं परियोजना को सकारात्मक सोच और खुले मन से अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि मरीजों को बिना उचित चिकित्सकीय मूल्यांकन एवं आवश्यक प्रक्रिया के रेफर करने की प्रवृत्ति को हतोत्साहित किया जाना चाहिए। प्रत्येक रेफरल मरीज की वास्तविक चिकित्सकीय आवश्यकता के आधार पर होना चाहिए,ताकि स्वास्थ्य संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यशाला के दौरान यूपी -टीएसयू की तकनीकी टीम द्वारा ई-सारथी सॉफ्टवेयर के विभिन्न तकनीकी पहलुओं, लॉगिन प्रक्रिया,मरीजों के विवरण दर्ज करने,रेफरल अनुरोध तैयार करने, रेफरल की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समन्वय स्थापित करने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को सॉफ्टवेयर के व्यावहारिक संचालन की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा पूछे गए विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रश्नों का समाधान करते हुए उनकी शंकाओं का निराकरण किया गया।
इस परियोजना में यूपीयूएमएस सैफई की भूमिका केवल एक उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान तक सीमित न होकर पांच जनपदों की रेफरल व्यवस्था के समन्वय एवं संचालन केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण होगी। हब एवं कमांड सेंटर के रूप में विश्वविद्यालय संबंधित जिला अस्पतालों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने,रेफरल प्रक्रिया के सुचारु संचालन तथा तकनीकी व्यवस्था के प्रभावी उपयोग में सहयोग प्रदान करेगा। इससे जिला स्तर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं के बीच एक मजबूत समन्वय विकसित करने में मदद मिलेगी।
कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि यूपीयूएमएस सैफई इस महत्वपूर्ण परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। विश्वविद्यालय का प्रयास रहेगा कि तकनीक एवं आपसी समन्वय के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण,समयबद्ध एवं आवश्यकता आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी मॉडल विकसित किया जा सके।
ई-सारथी परियोजना का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने,जिला अस्पतालों एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



