इलेक्शन कमीशन ने रखा था इनाम, सपा ने 1 लाख फर्जी वोटर पकड़कर मांग लिया पूरा कैश! जानिए क्या है पूरा मामला

UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश की सियासत में मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर घमासान छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने राज्य की मसौदा मतदाता सूची में लगभग एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने का सनसनीखेज दावा किया है।
इस खुलासे के साथ ही पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा से मुलाकात कर औपचारिक ज्ञापन सौंपा। दिलचस्प बात यह है कि सपा ने आयोग द्वारा डुप्लीकेट वोटरों को चिन्हित करने पर घोषित नकद पुरस्कार की पूरी धनराशि पार्टी को देने की मांग भी रख दी है।
पार्टी नेतृत्व के अनुसार, इन संदिग्ध और दोहरे मतदाताओं के नाम, वोटर क्रमांक, पोलिंग बूथ नंबर, विधानसभा क्षेत्र और जिलेवार पूरा ब्योरा तैयार कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईमेल के जरिए भेजा जा चुका है। सपा ने अपने ज्ञापन में याद दिलाया कि सीईओ नवदीप रिणवा ने बीते 11 नवंबर को डुप्लीकेट वोटरों की धरपकड़ करने वाले राजनीतिक दलों या व्यक्तियों को नकद इनाम देने की घोषणा की थी। पार्टी का तर्क है कि उसने सबसे पहले इन विसंगतियों को उजागर कर आयोग को पुख्ता सूची सौंपी है, इसलिए घोषित पुरस्कार राशि पर पहला और पूरा हक उसका बनता है।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा, बसपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी छक्की लाल साथियों सहित सपा में शामिल
2027 से पहले छिड़ा महा-घमासान
सपा ने चुनाव आयोग से मतदाता सूचियों की गहन पड़ताल कराने और तमाम गलतियों को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर विशेष अभियान चलाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना बेहद जरूरी है। इस दौरान सपा नेता केके श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की।



