यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा ‘खेला’, कांग्रेस की डिमांड के बीच दे दिया दो टूक जवाब

UP Congress SP Alliance 2026: उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के बीच संभावित सीट बंटवारे को लेकर गरमाई सियासत के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई में हालिया बदलाव के बाद सीटों को लेकर दबाव की राजनीति के कयास लगाए जा रहे थे, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में गठबंधन धर्म निभाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने साफ किया कि गठबंधन के किस दल के खाते में कितनी और कौन सी सीटें जाती हैं, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है जितना कि पूरे मोर्चे की जीत सुनिश्चित करना।
अखिलेश ने दिया सफलता का मंत्र
सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार शायराना अंदाज में साझा करते हुए विपक्षी एकजुटता की वकालत की। उन्होंने लिखा कि जब मकसद साफ हो तो हाथ में हाथ होता है और निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान हो जाता है। अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि मौजूदा राजनीतिक दौर में लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण व्यवस्था की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती है, जिसके लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
UP Rajya Sabha Election: 10 सीटें और 12 उम्मीदवार! 2027 से पहले लखनऊ में किसका होगा ‘खेला’?
अपने रुख को पूरी तरह स्पष्ट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यह लड़ाई केवल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि उस साझा राजनीतिक विचारधारा की विजय है जो सांप्रदायिकता को रोकने के लिए लगातार जमीन पर लड़ रही है। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि सपा आलाकमान फिलहाल सीटों के उलझाव में पड़ने के बजाय गठबंधन को मजबूती देकर चुनावी मैदान में निर्णायक बढ़त बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है।



