कोटेदारों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाएंगे सपा नेता अभिषेक गर्ग, हर संभव मदद का दिया भरोसा

प्रदेश अध्यक्ष विकास शर्मा और जिला अध्यक्ष उमेश त्यागी की मौजूदगी में कोटेदारों ने किया भव्य स्वागत एवं सम्मान

गाजियाबाद। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन की ओर से गाजियाबाद में कोटेदारों की समस्याओं और मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष विकास शर्मा के दिशा-निर्देशन और जिला अध्यक्ष उमेश त्यागी के नेतृत्व में हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ नेता अभिषेक गर्ग विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कोटेदारों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

बैठक में कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिषेक गर्ग ने कोटेदारों को आश्वासन दिया कि उनके हितों की रक्षा के लिए हर मंच पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोटेदारों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात पार्टी के शीर्ष नेताओं से कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोटेदार सार्वजनिक वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है। भविष्य में भी कोटेदारों को किसी प्रकार की परेशानी होने पर वह उनके साथ खड़े रहेंगे और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। बैठक में फेडरेशन के पदाधिकारियों सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button