नौकरी का झांसा 6.60 लाख की हुई ठगी
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर से खुला फर्जीवाड़े का राज

जसवंतनगर,इटावा। स्वास्थ्य विभाग और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.60 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तक तैयार कर पीड़ित को इलाहाबाद भेज दिया, जहां संबंधित विभाग ने दस्तावेज को फर्जी करार दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि रेलमंडी नई बस्ती निवासी कृष्णकांत पुत्र देवकी नंदन ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय,इटावा में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप है कि उनके परिचित उपेंद्र कुमार पुत्र स्व. दयाराम निवासी रेलमंडी नई बस्ती ने वर्ष 2020 से पहले स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए करीब 6.60 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। आरोप है कि विभिन्न तिथियों में ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से पूरी रकम ले ली गई।
पीड़ित के अनुसार,रुपये देने के बाद करीब दो वर्ष तक नौकरी नहीं लगी। पूछताछ करने पर आरोपी कभी प्रक्रिया चलने तो कभी अधिकारियों की व्यस्तता का हवाला देकर टालता रहा। आरोप है कि 6 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने एक कथित ज्वाइनिंग लेटर दिया, जिसमें 27 जनवरी 2026 को इलाहाबाद जाकर ज्वाइन करने का निर्देश था। जब पीड़ित वहां पहुंचा तो संबंधित विभाग ने पत्र को फर्जी बता दिया।
पीड़ित का कहना है कि वापस लौटकर रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया,लेकिन बाद में भी भुगतान नहीं किया। 23 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक इटावा को ऑनलाइन शिकायत भी की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी उपेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


