डीएम ने दिव्यांगजनों को दिया भरोसा, रोजगार में नहीं आने दी जाएगी अनावश्यक बाधा

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, संपत्ति विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में दिव्यांगजन भी अपनी समस्याएं लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचे। दिव्यांगजनों ने बताया कि उन्हें रोजगार का साधन उपलब्ध कराया गया है, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा आए दिन परेशान किया जाता है और खोखा या ठिया हटाने की धमकी दी जाती है। उन्होंने जिलाधिकारी से अपने रोजगार और सम्मानपूर्वक जीवन-यापन के लिए संरक्षण की मांग की।
दिव्यांगजनों की शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित थानाध्यक्षों से वार्ता की और निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उनके रोजगार में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा भी उत्पन्न न की जाए।
जिलाधिकारी ने अपने स्टाफ को निर्देशित किया कि जनपद के सभी थानों, चौकियों और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश पत्र भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांगजन ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना रोजगार कर रहे हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनके सम्मानपूर्वक जीवन-यापन और रोजगार में सहयोग सुनिश्चित किया जाए।



