डिवाइडर से टकराकर पलटी स्विफ्ट डिजायर
कम दृश्यता बनी हादसे की वजह

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत आगरा- कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गाँव के पास एक होटल के सामने शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे मूसलाधार बारिश के दौरान कम दृश्यता के कारण एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार दिल्ली से कानपुर जा रही थी। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
कार में चालक पवन कुमार यादव निवासी हरकेश कॉलोनी,थाना पाला फरीदाबाद के अलावा छोना दिल्ली, नैंसी निवासी सीचीप मिजोरम पुईपुई तथा आलोक चौधरी निवासी मल्हूपुरा थाना मंडी धनोरा अमरोहा सवार थे। हादसे में चारों को मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मूसलाधार बारिश के चलते कम दृश्यता और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



