15 साल पहले दिए सुझावों को धरातल पर देख 79 वर्षीय जयंत बाबूराव ने नगर निगम को दिया धन्यवाद

गाजियाबाद। जनसुनवाई के दौरान लाजपत नगर, साहिबाबाद निवासी 79 वर्षीय सीनियर सिटीजन जयंत बाबूराव ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात कर शहरहित में किए जा रहे कार्यों के लिए गाजियाबाद नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से नंदी पार्क गौशाला की व्यवस्थाओं, निराश्रित श्वानों में माइक्रोचिप लगाने और वैक्सीनेशन अभियान की सराहना की।
जयंत बाबूराव ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को बढ़ावा देने तथा कचरा पृथक्करण के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शहर में गीले कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने नगर निगम को पत्र लिखकर निराश्रित श्वानों में माइक्रोचिप लगाने, गीले कचरे से खाद बनाने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई सुझाव दिए थे। अब इन सुझावों से संबंधित कार्यों को धरातल पर होते देखकर उन्होंने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से लगातार शहर और पर्यावरण हित के मुद्दों को लेकर नगर निगम के संपर्क में रहकर अपने सुझाव देते रहे हैं।
नगर निगम की ओर से शहर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बायोडायवर्सिटी पार्क, सीएम ग्रिड फेज-2 समेत कई विकास परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, गीले कचरे से खाद बनाने और निराश्रित श्वानों के प्रबंधन जैसे कार्यों को लेकर भी अभियान चलाए जा रहे हैं।
जयंत बाबूराव की शहरहित के प्रति सक्रियता और उत्साह को देखते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उन्हें सम्मान प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।



