महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में शामिल हुए सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग
रामबारात का भी किया स्वागत, बोले—महाराजा अग्रसेन का सिद्धांत समाज में समानता और सहयोग की देता है सीख

गाजियाबाद। गोविंदपुरम में अग्रसेन सेवक संघ की ओर से आयोजित भगवान श्री अग्रसेन जन्मोत्सव समारोह में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग, युवा और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर अभिषेक गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत समाजवाद, समानता और परस्पर सहयोग की प्रेरणा देता है। अग्रवाल समाज समाजसेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और संस्कारों को संजोकर आधुनिकता के साथ आगे बढ़ने तथा जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।
वहीं, श्री रामबारात महोत्सव के तहत निकली रामबारात का चौपला मंदिर के पास स्थानीय सपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। रामभक्तों को पटका पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के आराध्य हैं और उनका जीवन आपसी भाईचारे, शांति तथा सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर को मजबूत बनाते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में रामभक्त, स्थानीय नागरिक, व्यापारी और सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



