सैयद बाबा के उर्स में अकीदतमंदों की उमड़ी भीड़

मोतीझील वाले सैयद बाबा के 22वें उर्स में कुल शरीफ के साथ हुआ दो दिवसीय उर्स का समापन

इटावा। मोतीझील वाले हजरत सैयद बाबा का 22वां सालाना उर्स मुबारक विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा, अकीदत और शानो-शौकत के साथ आयोजित किया गया। उर्स के दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने दरगाह पर पहुंचकर चादर व गागर पेश की और देश में अमन-चैन,भाईचारे एवं खुशहाली की दुआ की। दो दिवसीय उर्स का समापन कुल शरीफ के साथ हुआ।

उर्स के आयोजक अरशद मंसूर एवं जफर मंसूर के नेतृत्व में पहले दिन बाद नमाज-ए-जुहर कुरान ख्वानी का आयोजन किया गया। बाद नमाज-ए-ईशा दरगाह पर अकीदतमंदों ने चादर व गागर पेश कर मन्नतें मांगीं। इसके बाद महफिल-ए-समा (कव्वाली) का आयोजन हुआ,जिसमें फिरोजाबाद से आए कव्वाल इकराम पेंटर वारसी ने सूफियाना कलाम पेश कर समां बांध दिया। कव्वाली के दौरान जायरीन देर रात तक झूमते नजर आए।

उर्स के दूसरे दिन सुबह महफिल-ए-रंग का आयोजन किया गया। इसके बाद दोपहर एक बजे हजरत मोतीझील वाले सैयद बाबा का कुल शरीफ हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। हाफिज फैजान अहमद चिश्ती ने कुल शरीफ की फातिहा पढ़ाई। कुल शरीफ के बाद मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक अरशद मंसूर एवं जफर मंसूर ने श्रद्धालुओं को तबर्रुक वितरित किया। आयोजकों ने उर्स को सफल बनाने में सहयोग के लिए शहरवासियों तथा जिला प्रशासन का आभार जताया।

इस मौके पर अज़हर, मज़हर,ज़ारयाब अहमद, शाहज़मन,अरशद, अब्दुल्लाह जफर,आजम अली,हाफिज मोहम्मद अहमद,हाफिज राशिद, खादिम अब्बास,मसूद तैमूरी,शावेज नकवी, हाफिज कारी फैजान अहमद,इंतजार अहमद, इरशाद अहमद,राशिद अली,मोहम्मद आमीन भाई सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button