बूंदाबांदी से 14 घंटे रही बिजली गुल: एसडीओ का फोन बन्द
डेढ़ लाख नगर की आबादी समेत 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति रही ठप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में गुरुवार रात हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रात करीब डेढ़ बजे बाधित हुई विद्युत आपूर्ति शुक्रवार को 12 से 14 घंटे तक बहाल नहीं हो सकी, जिससे नगर क्षेत्र सहित बलरई,जुगौरा,सिरसा, बीबामऊ समेत कई फीडरों से जुड़े 100 से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहे। लंबे बिजली संकट से करीब डेढ़ लाख की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति ठप होने से सरामई,लुंगे की मड़ैया,नगला तौर,घुरहा, जाखन,पूंछरी,नगला सलहदी,नगला रामसुंदर, अंडाबली,कोका बली, खंदिया,बलरई,नगला विशुन,बाउथ,कीरतपुर, पीहरपुर,धरवार,तिजोरा सहित सैकड़ों गांवों में पेयजल आपूर्ति,घरेलू कामकाज और छोटे कारोबार भी प्रभावित रहे। वहीं नगर के सभी मोहल्लों में भी लोगों को भीषण उमस के बीच घंटों बिना बिजली के रहना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद ही बिजली व्यवस्था ठप हो जाना विद्युत तंत्र की कमजोर तैयारियों को उजागर करता है। कई उपभोक्ताओं ने विभाग पर समय पर सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था न करने का आरोप लगाया।
उधर,मामले में जानकारी लेने के लिए नवागत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) राजेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन उनका सीयूजी नंबर स्विच ऑफ मिला,जिससे बिजली आपूर्ति बहाल होने में हुई देरी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।



