बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न
पात्र बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने पर जोर

जसवंतनगर,इटावा। प्राथमिक विद्यालय निलोई में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें बाल संरक्षण, बच्चों के अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें ऐसे बच्चे शामिल हैं,जिनके पिता की मृत्यु मार्च 2020 से अब तक हुई है अथवा पिता या वैध संरक्षक किसी कारणवश परिवार के भरण-पोषण के लिए कमाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा,भरण-पोषण और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रयास होना चाहिए कि कोई भी जरूरतमंद बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रहे। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की आवश्यकता है।
बैठक में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रमन भदौरिया,आंगनवाड़ी कार्यकत्री आशा देवी, अनुराधा,मिथलेश देवी, एजूकेटर प्रिया,किरन देवी,रेखा देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



