खुला पनीर ऑटो से जा रहा भरा नमूना
क्षेत्र में बिना लाइसेंस दूध टैंकर का काटा चालान

जसवंतनगर,इटावा। खाद्य पदार्थों में मिलाबट और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार सुबह जांच अभियान चलाया। बलरई थाना क्षेत्र में जसवंतनगर-कचौरा घाट मार्ग स्थित लखेरा कुआं पुलिस चौकी के निकट खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि भान सिंह के नेतृत्व में टीम ने वाहनों को रोककर खाद्य पदार्थों की जांच की। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल मची रही।
अभियान के दौरान टीम ने आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र के एक गांव से पनीर लेकर आ रहे ऑटो को रोककर जांच की। वाहन में बिक्री के लिए खुला पनीर रखा हुआ था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर विक्रेता को नमूना संग्रह से संबंधित सूचना प्रारूप भी उपलब्ध कराया गया। अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। नमूने में मिलावट या मानकों की कमी मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद टीम ने दूध के एक टैंकर को रोककर जांच की। निरीक्षण के दौरान टैंकर में दूध नहीं मिला। पूछताछ में चालक संदीप कुमार खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक लाइसेंस और अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने के मामले में नियमानुसार टैंकर का चालान कर दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि भान सिंह ने कारोबारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों का कारोबार निर्धारित मानकों और आवश्यक लाइसेंस के साथ ही करें। मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री आमजन के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से समय-समय पर जांच अभियान जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करने की अपील की।
इटावा में बाह क्षेत्र का पनीर-खोया
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र के कई गांवों से पनीर और खोया की बड़ी खेप जसवंतनगर,इटावा शहर और आसपास के अन्य शहरों में सप्लाई की जाती है। इन खाद्य पदार्थों को लाने के लिए मोटर साइकिल,ऑटो, ई-रिक्शा,वैगनआर और लोडर जैसे वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और कारोबारियों के लाइसेंस की नियमित जांच जरूरी है।



