क्रिस गेल का 175 छूटा पीछे, इस भारतीय बल्लेबाज ने ठोके 181 रन! वर्ल्ड टी20 इतिहास में बने नंबर-2 बल्लेबाज

KL Rahul 152 Record Broken: दिल्ली के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ तूफानी और ऐतिहासिक पारी खेलते हुए भारतीय बल्लेबाज के रूप में टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए महज 68 गेंदों में 181 रन ठोक डाले। इस आतिशी पारी में 7 चौके और 19 छक्के शामिल रहे, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 266 के आसपास रहा।

इससे पहले टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर केएल राहुल के नाम दर्ज था। राहुल ने इसी वर्ष अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए 67 गेंदों में नाबाद 152 रनों की पारी खेली थी, जो आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज का पहला 150 से अधिक का स्कोर भी रहा था।

इस धमाकेदार पारी के साथ ही प्रियांश आर्य ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनसे ऊपर सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस हैं, जिन्होंने इस साल अक्टूबर में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की प्रो20 कप प्रतियोगिता में टाइटंस के लिए नाइट्स के विरुद्ध 79 गेंदों में नाबाद 188 रन बनाए थे। प्रिटोरियस की उस पारी में 15 चौके और 13 छक्के आए थे और उन्होंने क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ नाबाद 175 रनों की पारी खेली थी।

सर्वाधिक छक्के जड़ने के विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली

प्रियांश आर्य ने अपनी इस पारी के दौरान 19 छक्के लगाकर टी20 की एक पारी में सर्वाधिक छक्के जड़ने के विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। न्यूजीलैंड के फिन एलन भी एक टी20 पारी में 19 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने पिछले साल जून में मेजर लीग क्रिकेट के दौरान सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 51 गेंदों में 151 रन बनाए थे, जिसमें 5 चौके और 19 छक्के शामिल थे। इसके अलावा प्रियांश का यह 181 रनों का स्कोर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास का भी सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बन गया है, जिससे उन्होंने नवंबर 2024 में हैदराबाद के लिए मेघालय के खिलाफ तिलक वर्मा के 151 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

मैच के घटनाक्रम पर नजर डालें तो तमिलनाडु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। प्रियांश की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 275 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दिल्ली की ओर से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर अनुज रावत का रहा, जिन्होंने 22 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन जोड़े। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में यह तीसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इससे पहले 2024 में बड़ौदा ने सिक्किम के खिलाफ 5 विकेट पर 349 रन और 2025 में पंजाब ने हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट पर 310 रन बनाए थे।

क्या ‘उन’ गलतियों की वजह से टीम इंडिया को भारी नुकसान उठाना पड़ा, जीता हुआ मैच हाथ से गया

आगामी आईपीएल सीजन में पंजाब किंग्स से खेलने वाले प्रियांश आर्य इस सत्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 60.33 की औसत और 204.51 के स्ट्राइक रेट से कुल 362 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button