रोना कमजोरी नहीं, शरीर का ‘हीलिंग प्रोसेस’ है; आंसू बहाने के ये फायदे जानकर चौंक जाएंगे

Health Benefits of Crying: समाज में अक्सर आंसुओं को लाचारी या कमजोरी का प्रतीक मान लिया जाता है। बचपन से ही सिखाया जाता है कि मुश्किल घड़ी में आंसू नहीं बहाने चाहिए। आधुनिक मेडिकल साइंस और साइकोलॉजी इस धारणा को पूरी तरह गलत बताती है। विज्ञान के अनुसार रोना दरअसल शरीर का एक नेचुरल हीलिंग प्रोसेस है जो दिमाग को शांत करने और मानसिक बोझ को कम करने में दवा की तरह काम करता है।
स्ट्रेस बस्टर का काम करता है नर्वस सिस्टम
जब कोई व्यक्ति अत्यधिक चिंता या दबाव में होता है तो शरीर में स्ट्रेस रिस्पॉन्स सक्रिय हो जाता है। इससे पल्स रेट तेज होती है और मांसपेशियां अकड़ने लगती हैं। ऐसी हालत में खुलकर रो लेने से पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम एक्टिव हो जाता है। यह सिस्टम शरीर को रिलैक्स मोड में लाता है जिससे धड़कनें सामान्य होती हैं और दिमाग को तुरंत शांति मिलती है।
अकथनीय दर्द को बयां करने का जरिया
हर भावना को शब्दों में व्यक्त कर पाना मुमकिन नहीं होता। जब दुख या निराशा जुबान पर नहीं आ पाती तब आंसू सबसे बड़ा सहारा बनते हैं। किसी अपने या भरोसेमंद साथी के सामने रोने से न सिर्फ मन का गुबार निकलता है बल्कि आपसी रिश्ते और भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होते हैं। इससे सामने वाले व्यक्ति को आपकी मनोदशा समझने में आसानी होती है।
रोने के बाद नींद क्यों अच्छी आती है?
भावनात्मक आंसुओं के जरिए शरीर से स्ट्रेस बढ़ाने वाले हार्मोन्स बाहर निकल जाते हैं। जब व्यक्ति अपनी उदासी को दबाने के बजाय स्वीकार कर लेता है तो दिमाग का भारीपन दूर हो जाता है। तनाव घटने के कारण शरीर हल्का महसूस करता है जिससे बेचैनी खत्म होती है और सुकून भरी गहरी नींद लेने में मदद मिलती है।
आंखों की सुरक्षा के लिए प्राकृतिक शील्ड
आंसू सिर्फ मन को ही हल्का नहीं करते बल्कि आंखों की हिफाजत भी करते हैं। पलकों की हर झपकी के साथ आंसू आंखों में नमी की एक सुरक्षात्मक परत बनाते हैं। यह परत आंखों को सूखने से बचाती है और किसी भी धूल मिट्टी या बैक्टीरिया को तुरंत साफ कर देती है। हालांकि बिना किसी वजह के हर वक्त आंखों से पानी बहना किसी इन्फेक्शन का लक्षण भी हो सकता है।
रसोई से तुरंत निकाल दें ये तेल, एक्सपर्ट ने बताया दिल के लिए क्यों हो सकता है खतरनाक
कब जरूरी है प्रोफेशनल डॉक्टर की मदद लेना?
कभी कभार रोना पूरी तरह सामान्य और सेहतमंद आदत है। अगर कोई इंसान हर समय रोने जैसा महसूस करता हो और अपने आंसुओं पर काबू न रख पा रहा हो तो यह डिप्रेशन या किसी गंभीर मेंटल हेल्थ समस्या का संकेत हो सकता है। जब यह स्थिति दैनिक कामकाज और निजी रिश्तों को प्रभावित करने लगे तो बिना झिझक किसी मनोचिकित्सक या काउंसलर से परामर्श लेना चाहिए।



