हिंडन एयरबेस से नेपाल के लिए 37.5 टन राहत सामग्री लेकर रवाना हुई दूसरी उड़ान
बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए दवाइयां, भोजन पैकेट और आपदा राहत सामग्री पहुंचाने रवाना हुआ वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान

गाजियाबाद। बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद के लिए भारत लगातार मानवीय सहायता पहुंचा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस से नेपाल के लिए मानवीय सहायता एवं आपदा राहत सामग्री की दूसरी खेप लेकर भारतीय वायुसेना की एक विशेष उड़ान रवाना हुई। विमान में करीब 37.5 टन राहत सामग्री, दवाइयां, भोजन के पैकेट और आपदा राहत से जुड़ा अन्य आवश्यक सामान भेजा गया है।
भारतीय वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान हिंडन एयरबेस से राहत सामग्री लेकर काठमांडू के लिए रवाना हुआ। इस अभियान के तहत भारत संकट की घड़ी में अपने पड़ोसी देश नेपाल को आवश्यक सहायता पहुंचा रहा है।
रवाना होने से पहले सी-17 ग्लोबमास्टर के कमांडर कैप्टन एल. नायक ने बताया कि विमान में लगभग 30 से 40 टन राहत सामग्री, मेडिकल सप्लाई और एनडीआरएफ से संबंधित आवश्यक उपकरण एवं सामान भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिंडन से काठमांडू तक उड़ान का समय लगभग एक घंटा 15 मिनट है।
उन्होंने कहा कि विमान के पास जरूरत पड़ने पर हवा में अतिरिक्त समय तक रहने के लिए पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था है। यदि किसी कारणवश काठमांडू में लैंडिंग में देरी होती है, तो भारत में वैकल्पिक एयरबेस भी निर्धारित किए गए हैं, जहां आवश्यकता पड़ने पर विमान ईंधन भरने के लिए उतर सकता है।
नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, दवाइयां और भोजन पहुंचाने के लिए भारत द्वारा लगातार सहायता अभियान चलाया जा रहा है। हिंडन एयरबेस से दूसरी राहत उड़ान के रवाना होने के साथ ही भारत ने एक बार फिर पड़ोसी देश के प्रति मानवीय सहयोग और मदद की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।



