भव्य झांकियां-100 फुट लम्बा तिरंगा लेकर निकली राम बारात
सांसद आदित्य यादव ने प्रथम आरती उतारकर किया बारात का शुभारंभ

जसवंतनगर,इटावा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात रविवार को नगर में धूमधाम और आकर्षक झांकियों के साथ निकाली गई। बारात में धार्मिक,सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओतप्रोत झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर स्वागत किया। बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम की प्रथम आरती उतारकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
रामलीला मैदान से शाम सात बजे रवाना हुई राम बारात में सबसे आगे दो घोड़े और दो भालू नृत्य करते हुए चल रहे थे। इसके पीछे करीब डेढ़ दर्जन आकर्षक झांकियां और तीन बैंड धार्मिक धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। झांकियों में शिव-पार्वती, नृत्य करते राधा-कृष्ण, विंटेज कार पर सवार राजा दशरथ,लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न तथा सिंहवाहिनी मां दुर्गा की झांकियां प्रमुख रहीं।
देशभक्ति पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों के जवान करीब 100 फुट लंबे तिरंगे के आगे और भारत माता के चित्र के सामने नृत्य करते हुए चल रहे थे। इसके अलावा काली का अखाड़ा और रोड शो करती धार्मिक झांकियों ने राम बारात की भव्यता बढ़ाई।
बारात के दर्शन के लिए शाम से ही नगर की सड़कों के किनारे भारी भीड़ जुटने लगी। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। पूरा मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। घरों के बाहर खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। राम बारात देर रात करीब एक बजे ऐतिहासिक बिलैया मठ परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रामलीला समिति के प्रबंधक राजीव गुप्ता उर्फ बबलू,उप प्रबंधक अजेंद्र सिंह गौर,हीरालाल गुप्ता,अनिल गुप्ता और राजेंद्र गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ आयुषी सिंह और कोतवाली प्रभारी कमल भाटी लगातार भ्रमण करते रहे। पुलिस की मुस्तैदी से शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।



