मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की मंडलायुक्त ने की समीक्षा
75 बीएलओ के कार्यों की होगी जांच, 28-29 नवंबर को विशेष अभियान

गाजियाबाद। विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान की प्रगति को लेकर मंडलायुक्त मेरठ मंडल एवं रोल ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, लंबित प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और दोहरी प्रविष्टियों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम प्रपत्र प्राप्त करने वाले 75 बीएलओ के कार्यों का 27 नवंबर को स्थलीय सत्यापन कराने को कहा। साथ ही 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवसों पर कंट्रोल रूम के माध्यम से बीएलओ की उपस्थिति और कार्यों की प्रत्येक दो घंटे में निगरानी की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे। हेल्पलाइन नंबर 1950 का प्रचार किया जाए और लंबित प्रपत्रों का समय से डिजिटाइजेशन पूरा कराया जाए। बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, सीडीओ कुमार सौरभ सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



