समस्या निस्तारण को सभासदों ने एसडीएम से की चर्चा

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद के कई सभासदों एवं सभासद प्रतिनिधियों ने मंगलवार को जसवंत नगर के नए उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह से उनके कार्यालय में भेंट की तथा नगर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर उनसे चर्चा की गई।
इस दौरान इन सभासदों ने नगर पालिका परिषद में व्याप्त लापरवाही, अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के मामलों पर उनका ध्यान आकृष्ट किया।
उन्हें बताया गया कि नगर के कटरा विललोचियान मोहल्ले में एक गली का सी सी निर्माण दिखाकर उसका भुगतान भी कर लिया गया है जबकि वह गली अभी भी खरंजा बनी हुई है। सभासदों ने उप जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि वह उनके साथ चलकर इस भ्रष्टाचार का अपनी आंखों से अवलोकन कर लें। उप जिलाधिकारी ने सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से चुनाव और पूरी निष्पक्षता के साथ न्याय करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सभासदो ने बरसात के चालू सीजन में नगर में अनेक स्थानों पर जल भराव होने तथा जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम गड़बड़ होने की भी शिकायत की।
नगर की सड़कों एवं गलियों में गड्ढे होने, अतिक्रमण के नाम पर खाना पूरी किए जाने, पेशाब घरों में गंदगी रहने, शौचालय बंद रहने , गर्मी के इस सीजन में वाटर कूलर का पानी ठंडा ना होने, नागरिक समस्याओं के प्रति नगर पालिका में लापरवाही बरते जाने आदि समस्याओं के बारे में भी अवगत कराया। इस दौरान सभासद राजीव यादव, अंकित कुमार, मोहम्मद इरफान, कमल प्रकाश पाल, संजय कुमार, हेमू शाक्य, मोनू शर्मा, सुमित गिहार, राम खिलाड़ी आदि शामिल रहे।



