सीएम योगी ने इटावा को दी 604 करोड़ की सौगात

128 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

(विजयेंद्र तिमोरी)

इटावा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को इटावा दौरे पर पहुंचे। पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद उन्होंने जनपद को 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं का उपहार दिया।

नुमाइश पंडाल में मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले इटावा के नाम पर भय और दहशत थी। इटावा के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। देश के होटलों में इटावा के नाम पर कमरे नहीं मिलते थे। आज डबल इंजन की सरकार ने इटावा को भयमुक्त, समृद्ध और सशक्त बनाया है। अब प्रदेश-देश में कहीं भी इटावा के नौजवान को वही सम्मान मिलता है जो अन्य जिलों को मिलता है।

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को बड़ी सौगात

सीएम ने बताया कि सैफई स्थित ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान में 490 करोड़ की लागत से 500 बेड का सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक और 232 करोड़ से 300 बेड का गायनी ब्लॉक बनकर तैयार हो गया है।

जनपद के 540 गांवों में 1000 करोड़ की लागत से ‘जल जीवन मिशन’ चल रहा है,जिससे 2.35 लाख परिवारों को ‘हर घर नल’ से शुद्ध पेयजल मिलेगा।

सड़क कनेक्टिविटी के लिए इटावा-ग्वालियर एन एच-92 पर चंबल नदी पर 296 करोड़ का सिग्नेचर ब्रिज,इटावा-कन्नौज एनएच-91A का 344 करोड़ से सुदृढ़ीकरण और इटावा-करहल मार्ग के लिए 228 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा की। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से सीधी कनेक्टिविटी और गंगा एक्सप्रेस-वे के साथ इटावा को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की बात भी कही।

सनातन और सुशासन पर जोर

योगी ने कहा कि 2017 से पहले कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी,रामनवमी और दुर्गा पूजा पर प्रतिबंध लगते थे। आज बिना कर्फ्यू के सभी पर्व हर्षोल्लास से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए प्रदेश में सिर्फ दो जगह हैं,जेल या जहन्नुम।”

सीएम ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू राज्य’ से निकलकर देश का ‘ग्रोथ इंजन’ बन गया है। “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की जगह “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” और ओडीओपी की नीति लागू है। पारदर्शी भर्ती से इटावा के युवा बिना सिफारिश नौकरी पा रहे हैं।

लाभार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में सीएम ने लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी,आवास की चाबी, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, ई-रिक्शा के लिए चेक, टूल किट और विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य,पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया,विधायक सरिता भदौरिया,कमिश्नर के.विजयेन्द्र पांडियन, डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button