बिना परमिट स्कूल वाहनों पर शुरू हुयीं कार्यवाही
सात गाड़ियों का किया चालान,आरआई ने दो गाड़ियां की सीज

इटावा। इटावा जनपद के एआरटीओ द्वारा बिना परमिट संचालित अनाधिकृत स्कूल वाहनों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान परिवहन विभाग ने बिना स्कूल परमिट संचालित दो स्कूल वाहन थाना सिविल लाइन तथा बकेवर में सीज कर दिये गये हैं तथा शेष सात बिना स्कूल परमिट संचालित पाये गये स्कूल वाहनों का चालान किया गया है।
शासन के निर्देश पर 15 मई तक चलने वाले अभियान में स्कूलों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किये जाने के बाद भी कई संस्थानों ने अपने वाहनों में जरूरी सुधार नहीं कराये है। कई वाहन बिना परमिट के बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य कर रहे हैं। स्कूल व वाहन संचालकों को बार-बार सूचित करने के बावजूद भी स्कूल संचालकों ने परमिट नहीं बनवाया है। ऐसे में एआरटीओ ने स्कूल बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। एआरटीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि स्कूल वाहन स्वामियों को सूचित किया जाता है कि प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान स्कूल वाहन सीज या बन्द की कार्यवाही न हो इसके लिये ऑनलाइन परमिट का आवेदन जल्द से जल्द करा लें।



