महिला से मारपीट-उत्पीड़न का आरोप
दुकान के बाहर आग जलाने का विरोध करने पर पहुंची थी पुलिस

इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डुढहा निवासी एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर थाने में मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी सिटी इटावा को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्राम डुढहा निवासी 33वर्षीय पिंकी पत्नी रंजीत कुमार ने 20 नवंबर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी दुकान के बाहर गांव के ही शिव प्रकाश पुत्र रामनरेश ने आग जलाई थी। इसका विरोध करने पर शिव प्रकाश और उनकी पत्नी किरन देवी ने कथित रूप से गाली-गलौज की। इस पर उन्होंने पुलिस को फोन कर सूचना दी।
महिला का आरोप है कि 19 नवंबर को दोपहर करीब 12:40 बजे थाने से दो पुरुष कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें मारपीट करते हुए थाने ले गए। वहां महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। एक पुरुष कांस्टेबल पर अमानवीय तरीके से पिटाई करने और शरीर के संवेदनशील अंगों पर चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने शिकायत करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से वह शारीरिक और मानसिक परेशानी से गुजर रही हैं और उन्हें स्थानीय पुलिस से अपनी सुरक्षा का खतरा है। महिला ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।इस संबंध में पीड़िता ने बताया कि एसपी सिटी ने जाँच सीओ जसवन्त नगर को सौंपी है।



