पुरानी पेंशन बहाली पर सपा के वादे का अटेवा ने किया स्वागत
विजय कुमार बंधु बोले- यूपी बनेगा पुरानी पेंशन बहाल करने वाला देश का पांचवां राज्य

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाली को शामिल करने और सरकार बनने पर इसे लागू करने की वचनबद्धता पर अटेवा ने आभार जताया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश देश का पांचवां राज्य बनेगा, जहां पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी। उन्होंने कहा कि अटेवा लंबे समय से शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संघर्ष कर रहा है।
संगठन ने निजीकरण समाप्त करने, आउटसोर्सिंग व संविदा व्यवस्था बंद कर स्थायी भर्ती करने, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने और विभागों में रिक्त पदों को भरने की मांग भी उठाई है। प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने कहा कि संगठन के संघर्ष से कर्मचारियों में पुरानी पेंशन बहाली की उम्मीद जगी है। वहीं, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों से एकजुट रहकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की।



