नेताजी की याद में दीपों से सजा गोकना घाट
हवन-पूजन के बाद अखिलेश यादव ने किया दीपदान, देखते ही देखते हजारों दीपों की रोशनी से नहा उठा गोकना घाट

ऊँचाहार- महर्षि गोकर्ण की तपोस्थली गोकना घाट रविवार की शाम आस्था, श्रद्धा और दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा। अवसर था समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती का। इस अवसर पर युवा सपा नेता अखिलेश यादव ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सम्मान में 5100 दीपों का दीपदान किया।
जैसे ही अखिलेश यादव ने हवन-पूजन के उपरांत नेताजी को स्मरण करते हुए दीपदान की शुरुआत की, वैसे ही गोकना घाट पर दीपों की रोशनी फैलने लगी। देखते ही देखते पूरा घाट असंख्य टिमटिमाते दीपों से जगमगा उठा। गंगा की लहरों के बीच दीपों की सुनहरी चमक ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि घाट का वातावरण भक्तिमय और भावुक हो गया। दीपों की कतारों से सजा गोकना घाट नेताजी के प्रति श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों का अद्भुत प्रतीक बन गया।



