51 सौ दीपों की रोशनी से जगमगाया गोकना घाट, हवन-पूजन कर मनाई गई नेताजी की जयंती

नेताजी गरीबों, किसानों, नौजवानों, शोषितों और पीड़ितों के लिए सदैव पूजनीय रहेंगे : अखिलेश यादव

ऊँचाहार, रायबरेली। समाजवादी विचारधारा के प्रणेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव नेताजी की जयंती रविवार को ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्र स्थित महर्षि गोकर्ण की तपोस्थली गोकना घाट पर श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। युवा सपा नेता अखिलेश यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधि-विधान से हवन-पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद 5100 दीपों का दीपदान कर नेताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीपों की रोशनी से गोकना घाट का वातावरण भक्तिमय और भावपूर्ण हो उठा।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए युवा सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि नेताजी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की उम्मीद और विश्वास का नाम थे। समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने तथा उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। वे इस प्रदेश और देश के गरीबों, किसानों, नौजवानों, शोषितों एवं पीड़ितों के लिए हमेशा पूजनीय रहेंगे। उनके विचार और समाजवादी सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों को भी सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नेताजी के विचारों और समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रधान नरेंद्र यादव, शुभम पाल, ब्लाक अध्यक्ष हसनैन खान, बबलू यादव, शैलेन्द्र यादव, अजय यादव , आदेश सिंह यादव, सुंदर लाल यादव, राजेन्द्र सिंह बघेल, विनोद यादव, सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button