ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया पर किया जागरूकता

वीवीपैट से होगी वोट की पुष्टि,विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू

जसवंतनगर, इटावा। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूक करने की पहल शुरू कर दी है। विधानसभा क्षेत्र संख्या 199 जसवंतनगर के मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए तहसील परिसर में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाया गया है। यहां प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह और तहसीलदार जितेंद्र पटेल की मौजूदगी में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली बताई गई। प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि बैलेट यूनिट पर पसंदीदा प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने वाला बटन दबाकर किस तरह मतदान किया जाता है। इसके बाद वीवीपैट मशीन में कुछ सेकेंड के लिए दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

निर्वाचन आयोग का उद्देश्य ईवीएम के प्रति मतदाताओं का विश्वास बढ़ाना और मतदान प्रक्रिया को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना है। मशीनों के व्यावहारिक प्रदर्शन से मतदाता मतदान की प्रक्रिया को आसानी से समझ सकेंगे। आयोग का संदेश है कि आपका वोट आपका भविष्य है।

इस दौरान अभिषेक शुक्ला, पूर्व प्रधान राजेश यादव, हासिम अंसारी, शिवम यादव, नाजिम, रोशन सिंह, लक्ष्मीकांत, मनोज और ऋषिकांत चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button