पटाखा बाजार में सन्नाटा: धनतेरस पर रहा ग्राहकों का इंतजार
रामलीला मैदान में सज गईं दुकानें:खरीदारी शुरू न होने से दुकानदारों के चेहरे पर छाई मायूसी

जसवंतनगर,इटावा। दीपावली के त्योहार को लेकर जसवंतनगर के मैदानी रामलीला मैदान में हनुमान द्वार के सामने हर वर्ष की तरह इस बार भी आतिशबाजी बाजार सजकर तैयार हो गया है। पटाखों की दुकानें लग चुकी हैं और दुकानदारों ने ग्राहकों के इंतजार में अपनी-अपनी दुकानें सजा रखी हैं, लेकिन बाजार में अपेक्षित चहल-पहल दिखाई नहीं दे रही है। शुक्रवार को धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दिन भी आतिशबाजी बाजार में ग्राहकों की कमी देखने को मिली।
सुबह से ही दुकानदार अपनी दुकानों पर बैठकर ग्राहकों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर तक कई दुकानों पर सन्नाटा पसरा रहा। स्थिति यह रही कि कुछ दुकानदारों की तो बिक्री की शुरुआत तक नहीं हो सकी। दुकानें पटाखों की विभिन्न किस्मों से सजी होने के बावजूद खरीदारों के नहीं पहुंचने से दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी। कई दुकानदार हाथ पर हाथ रखकर बैठे ग्राहकों की राह देखते नजर आए।
हर साल दीपावली से पहले इस मैदान में आतिशबाजी बाजार में अच्छी खासी रौनक देखने को मिलती है। त्योहार नजदीक आते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक में पटाखों की खरीदारी को लेकर उत्साह रहता है। ऐसे में धनतेरस के दिन भी बाजार में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने से इस कारोबार से जुड़े दुकानदार चिंतित दिखाई दिए।
दुकानदारों को उम्मीद है कि दीपावली नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी। फिलहाल आतिशबाजी बाजार में सन्नाटा और दुकानदारों की मायूसी चर्चा का विषय बनी हुई है।



