डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एमएमजी अस्पताल का किया निरीक्षण, निर्माणाधीन भवन जल्द पूरा करने के निर्देश

मरीजों से जाना उपचार और सुविधाओं का हाल, चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए शासन को पत्र भेजने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गाजियाबाद भ्रमण के दौरान विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा सुविधाओं और निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल पहुंचने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ सहित अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य, सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को साफ-सफाई और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही नशे के कारण दुर्घटना में घायल एक मरीज को नशे से दूर रहने और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।

निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश

ब्रजेश पाठक ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बजट की कमी होने पर तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा। वहीं पुराने भवनों की पीडब्ल्यूडी से तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराया जाए और उपयोग योग्य भवनों की मरम्मत कराई जाए।

चिकित्सकों की कमी दूर करने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने जनपद में चिकित्सकों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए कमी दूर करने के लिए शासन को तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button