सीडीओ कुमार सौरभ ने विकास भवन में लाभार्थियों को सौंपी ट्राइसाइकिल, एक बार चार्ज करने पर 50 किमी चलेगी

गाजियाबाद। विकास भवन में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की। ट्राइसाइकिल पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस सुविधा से दिव्यांगजनों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और रोजमर्रा के कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल बिजली से चार्ज होती है। एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर यह लगभग 50 किलोमीटर तक चल सकती है। इससे दिव्यांगजन अपने जरूरी काम आसानी से कर सकेंगे और आवागमन में अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
इस अवसर पर सीडीओ कुमार सौरभ ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की आवश्यकता है, वे विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में संपर्क कर सकते हैं। यहां से योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



