सैफई में किडनी क्लिनिक का हुआ शुभारंभ
मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेडिसिन विभाग द्वारा किडनी क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। क्लिनिक का उद्घाटन कुलपति प्रो.(डॉ.)अजय सिंह के कर-कमलों द्वारा किया गया।
किडनी क्लिनिक का उद्देश्य किडनी एवं गुर्दे से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श, आवश्यक जाँच तथा उपचार संबंधी समुचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इस क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को गुर्दा रोगों के बेहतर प्रबंधन एवं उपचार के लिए विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेंगी।
किडनी क्लिनिक का संचालन मेडिसिन विभाग के ओपीडी कक्ष संख्या-18 में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। क्लिनिक में किडनी रोगों से संबंधित मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ रोग की समुचित जाँच एवं उपचार की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो.(डॉ.)अजय सिंह के साथ प्रति-कुलपति डॉ.आदेश कुमार,डीन डॉ.उषा शुक्ला,चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ.एस.पी. सिंह एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ.अमित सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सहित विभाग के समस्त फैकल्टी सदस्यों ने सहभागिता की।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार,किडनी क्लिनिक का शुभारंभ यूपीयूएमएस सैफई में गुर्दा रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर, विशेषज्ञ एवं समर्पित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।



