राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा देने के बताएं गए गुण

छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए जीआईसी रायबरेली में विशेष प्रशिक्षण सत्र संपन्न, 235 सीटों पर 2,445 दावदार

रायबरेली। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 को पारदर्शिता, सुचिता और पूर्ण तैयारी के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) रायबरेली के सभागार में एक दिवसीय अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में मंडलीय मनोवैज्ञानिक विनोद कुमार एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने मुख्य अतिथि/प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता की। टीम ने जनपद के सभी विकास खंडों (ब्लॉकों) से आए परीक्षार्थियों को परीक्षा की बारीकियों, समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने की तकनीकों के बारे में विस्तार से समझाया। इस दौरान परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें परीक्षा प्रारूप से रूबरू कराने के लिए अभ्यास हेतु ओएमआर उत्तर पत्रक आंसर शीट तथा प्रश्न पुस्तिकाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर जीआईसी रायबरेली के प्रधानाचार्य शिव शंकर, प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश, एआरपी सतीश चौरसिया तथा खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) डॉ. सत्य प्रकाश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एकाग्रता और निरंतर अभ्यास ही इस परीक्षा में सफलता की कुंजी है।

प्रति सीट 10 अभ्यर्थियों के बीच कड़ा मुकाबला

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, रायबरेली जनपद के लिए इस छात्रवृत्ति योजना के तहत कुल 235 सीटें निर्धारित हैं। इन सीटों के सापेक्ष जनपद भर से कुल 2,445 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इस प्रकार एक सीट के लिए लगभग 10 परीक्षार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। गौरतलब है कि यह परीक्षा आगामी एक नवंबर को आयोजित होना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने सभी परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षा के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button