ऊँचाहार विधानसभा भारी बहुमत से जीतेगी सपा : देवेंद्र भीमराज पासी
देवेंद्र भीमराज पासी को मिली ऊंचाहार विधानसभा की कमान, पूरे क्षेत्र सहित सपा कार्यालय पर हुआ जोरदार स्वागत

ऊँचाहार, रायबरेली। समाजवादी पार्टी ने ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पासी समाज के लोकप्रिय नेता देवेंद्र भीमराज पासी को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मिली इस जिम्मेदारी के बाद पहली बार ऊँचाहार विधानसभा व सपा कार्यालय ऊंचाहार पहुंचे देवेंद्र भीमराज पासी का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव, के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी का अभिनंदन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पार्टी नेतृत्व ने देवेंद्र भीमराज पासी को ऊंचाहार विधानसभा में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी दी है। क्षेत्र में पासी समाज की बड़ी आबादी को देखते हुए उनकी नियुक्ति को संगठन के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्वागत से अभिभूत देवेंद्र भीमराज पासी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा। कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना उनकी प्राथमिकता होगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर जनता के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाया जाएगा। साथ ही समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने और कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की राजनीतिक ताकत का आधार है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव, विधानसभा महासचिव अरशद सुल्तान, ब्लॉक अध्यक्ष विनंदेश्वरी पासी, रोहनिया ब्लॉक अध्यक्ष मदन यादव, ब्लॉक प्रमुख एवं समाजवादी पार्टी नेता बी.एन. मौर्या, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र यादव, आनंद राज पाण्डेय, केशव यादव, बबलू मौर्या, मंतोष पासी, विनय यादव रोहनिया, छतरपाल लोधी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



