अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, वेयरहाउस ध्वस्त; कई दुकानें और गोदाम सील

गाजियाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सोमवार को प्रवर्तन जोन-1 में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। भट्टा नंबर पांच रोड पर दिग्विजय त्यागी और श्रवण कुमार द्वारा बनाए जा रहे अवैध वेयरहाउस को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा भट्टा नंबर पांच में बाबी तोमर, राज चौधरी, मुकेश चौधरी और ध्रुव चौधरी द्वारा बनाए गए अवैध निर्माणों को सील किया गया। वहीं वरदान रोड पर सौरभ चौधरी और कपिल चौधरी के निर्माण तथा ग्राम डरगल में सौरभ चौधरी द्वारा निर्मित वेयरहाउस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
विरोध के बीच पूरी हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध किया। मौके पर मौजूद प्राधिकरण के पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई पूरी कराई गई। अभियान में प्रवर्तन जोन-1 का स्टाफ और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अगले माह ध्वस्तीकरण और सीलिंग का अभियान और तेज किया जाएगा।



