MLC चुनावों के लिए BJP ने निकाल लिया तोड़, इस दांव के आगे विरोधी हो जाएंगे फेल
बीजेपी का फोकस: गांव, गरीब और संगठन

उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर तेज़ हलचल से गुजर रही है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और शिक्षक-स्नातक विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह कोई भी सीट बिना लड़े नहीं छोड़ेगी।
शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने की। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के साथ मैदान में उतरने का निर्देश दिया गया। MLC
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी का मानना है कि उसका चुनावी मैनेजमेंट देश की किसी भी पार्टी से अधिक व्यवस्थित और प्रभावशाली है।
जिम्मेदारियों का बंटवारा शुरू
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अब हर कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और अनुभव के अनुसार कार्य सौंपा जाएगा। चूंकि यह चुनाव ‘संपर्क और संगठन’ आधारित है, ऐसे में ज़मीनी स्तर पर मज़बूत पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को अहम रोल दिए जा रहे हैं।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि बूथ से लेकर ब्लॉक तक पार्टी की उपस्थिति मजबूत हो। यह चुनाव संगठन की ताकत को परखने का भी मौका है।
सरकार की योजनाओं को बता रहे दांव
बैठक के दौरान नेताओं ने यह भी दोहराया कि मोदी और योगी सरकार की गरीब-हितैषी योजनाएं पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। पार्टी इस चुनाव में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
ये भी पढ़ें- लखनऊ की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट; 6 की मौत, सवालों के घेरे में प्रशासन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले गरीबों का हक़ बिचौलियों के जरिये लूटा जाता था, लेकिन अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। यह बदलाव सरकार की नीयत और नीति को दर्शाता है।
‘वोट बनवाओ, जीत पाओ’: धर्मपाल सिंह
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव जीतने की कुंजी वोट बनवाने में है। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जाकर नए मतदाताओं को जोड़ने का काम प्राथमिकता पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “जिस गति से हम मतदाता जोड़ेंगे, उसी अनुपात में जीत सुनिश्चित होगी। पार्टी पहले ही विधानसभा स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति कर चुकी है। अब वक्त है संपर्क, संवाद और समन्वय के ज़रिए मैदान में पूरी ताकत झोंकने का।”
गांव-गरीब केंद्र में, ट्रिपल इंजन का एजेंडा आगे
बीजेपी की रणनीति साफ है। गांव, गरीब और किसान को साधो और सरकार में मजबूती पाओ। धर्मपाल सिंह ने ज़ोर देकर कहा कि पार्टी की कोशिश ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार को मज़बूत करना है, जिसमें केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर की सत्ता बीजेपी के पास रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो गांवों का कायाकल्प हुआ है शौचालय से लेकर आवास, नल से लेकर बिजली तक वो हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।



