101 वरिष्ठ नागरिक, 51 मेधावियों का हुआ सम्मान

समारोह में प्रतिभाओं को मिले प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न

जसवंतनगर,इटावा। नगर में बिलैया मठ के निकट स्थित एक फार्म हाउस में रविवार को वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के 101 वरिष्ठ नागरिकों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठजनों और विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष पं. अरुण दुबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। वहीं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

समारोह में रामकृष्ण दुबे, संतोष शर्मा,कृष्ण मुरारी दुबे, हरगोविंद अग्निहोत्री और बालकिशन आजाद सहित 101 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। विभिन्न कक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वाति अग्निहोत्री,राधिका अग्निहोत्री,दीक्षा और प्रियांशु सहित 51 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

विशिष्ट अतिथि मैनपुरी के वरिष्ठ ब्राह्मण नेता पं. किशन दुबे ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कारों का हिस्सा है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को शिक्षा,संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश चंद्र मिश्रा ने की और संचालन अभिषेक रामजी शुक्ला ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष पंकज चौधरी,युवा जिला अध्यक्ष शिवम दुबे,मंजू पांडे, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र उपाध्याय, राजीव मिश्रा और एसके दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक लव पांडे और उनकी टीम ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button