दंगल में झंडा-सील्ड कुश्ती रही बराबर
दांव-पेंच और दमखम से गूंजा बाउथ का दंगल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खण्ड क्षेत्र के गांव बाउथ में आयोजित दंगल में रविवार को पहलवानों के दांव-पेंच और दमखम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दूर-दराज से पहुंचे नामी पहलवानों ने मिट्टी के अखाड़े में एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पूरा जोर लगाया। हालांकि दंगल की सबसे बड़ी झंडा कुश्ती और सील्ड कुश्ती का फैसला नहीं हो सका और दोनों मुकाबले बराबरी पर छूटे।
दंगल का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे ने किया। उन्होंने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ कुश्ती लड़ने का संदेश दिया। इसके बाद भाजपा जिला कार्यकारी सदस्य जितेंद्र शीलू तोमर ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ कराया।
दंगल की मुख्य आकर्षण झंडा कुश्ती मध्य प्रदेश के भिंड जिले के भारत पहलवान और आगरा जिले की बाह तहसील के गांव बड़ागांव निवासी छोटू पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। कभी भारत पहलवान ने शानदार दांव लगाया तो कभी छोटू पहलवान ने पलटवार कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। काफी देर तक चली जोरदार कुश्ती के बाद भी कोई पहलवान दूसरे को निर्णायक पटखनी नहीं दे सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
वहीं सील्ड कुश्ती में फिरोजाबाद जिले के गांव नगला दानी निवासी आशु पहलवान और मेजबान गांव बाउथ के शिवम पहलवान आमने-सामने आए। दोनों के बीच कांटे की टक्कर हुई। शिवम को स्थानीय दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला, जबकि आशु ने अपने दांव-पेंच से मुकाबले में दबदबा बनाने का प्रयास किया। अंत तक चले संघर्ष के बाद यह कुश्ती भी बराबरी पर छूटी।
दंगल में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान ठाकुर हनुमंत सिंह,प्रेम बाबू राजपूत,पुष्पेंद्र धाकरे, अरविंद सिंह राजपूत, बीपी सिंह राजपूत,हृदेश कुमार,धारा भाई सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



