ट्यूबवेल का स्वीच बंद करने से किसान को लगा करंट: मौत

धान की फसल में सिंचाई के बाद विजली तार छूने से हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरखपुर पुठिया में शनिवार रात खेत पर ट्यूबवेल बंद करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में सैफई मेडीकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

उक्त गांव निवासी 51 वर्षीय रंजीत सिंह पुत्र शिवराज सिंह शनिवार रात करीब आठ बजे खेत में धान की फसल की सिंचाई करने के बाद ट्यूबवेल बंद करने पहुंचे थे। बताया गया कि ट्यूबवेल के पास लगे विजली तार के संपर्क में आते ही वह तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडीकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया,लेकिन करीब रात 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।किसान की अचानक मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि रंजीत सिंह सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Back to top button