आई.टी.एस. मोहन नगर में गिप्पी ग्रेवाल और शहनाज़ गिल का शानदार स्वागत

गाजियाबाद। आई.टी.एस. मोहन नगर में ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 के समापन दिवस पर गुरुवार को बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल एवं अभिनेत्री शहनाज़ गिल के आगमन ने पूरे परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया। दोनों कलाकारों के पहुंचते ही लगभग 3,000 विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजित विशेष स्टेज शो में गिप्पी ग्रेवाल और शहनाज़ गिल ने विद्यार्थियों के साथ फिल्मी दुनिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ के बारे में भी जानकारी दी। दोनों कलाकारों ने फिल्म के 2-3 गीतों की शानदार लाइव प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया, जिससे पूरा आई.टी.एस. परिसर संगीत और उत्साह से गूंज उठा।

गिप्पी ग्रेवाल एवं शहनाज़ गिल का स्वागत आई.टी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, आई.टी.एस.-द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस के मैनेजमेंट एवं आई.टी. डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार पांडेय तथा आई.टी.एस. यूजी कैंपस की वाइस प्रिंसिपल डॉ. नैन्सी शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

कलाकारों को अपने बीच देखकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। मंच पर गीतों की प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने तालियों, नारों और संगीत के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इस यादगार अवसर को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में आगामी फिल्म ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ को लेकर भी विशेष उत्सुकता देखने को मिली। कलाकारों ने विद्यार्थियों के प्यार और उत्साह के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए फिल्म को अपना समर्थन देने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 के समापन दिवस पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम आई.टी.एस. मोहन नगर के विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन, संगीत और यादगार पलों से भरपूर रहा।

इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक, संस्थान के संकाय सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button