‘पैथोलॉजी ऑन व्हील्स’ मोबाइल वैन को किया रवाना

बहादुरपुर में निशुल्क दंत स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न

सैफई,इटावा। सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने आज ‘पैथोलॉजी ऑन व्हील्स’ मोबाइल वैन का शुभारंभ किया। आधुनिक डायग्नोस्टिक एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाओं से सुसज्जित यह बहुउद्देशीय वैन गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता एवं विभिन्न आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएगी।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय के दंत विज्ञान संकाय के पीरियोडॉन्टोलॉजी विभाग द्वारा जन आरोग्य सेवा कार्यक्रम एवं ओरल हाइजीन वीक के अंतर्गत 5 अगस्त बुधवार को प्राथमिक विद्यालय, बहादुरपुर में दंत स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ. राजेश कुमार ठाकुर के संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने बच्चों को नियमित दंत परीक्षण एवं मौखिक स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। शिविर में प्रो.डॉ.राजेश कुमार ठाकुर,डॉ.राजमंगल यादव,डॉ.आलोक कुमार एवं डॉ.ज्योति की टीम ने 30 स्कूली बच्चों का दंत एवं मसूड़ों का परीक्षण किया तथा उन्हें मौखिक स्वच्छता संबंधी परामर्श प्रदान किया। जिन बच्चों को आगे उपचार की आवश्यकता थी,उन्हें यूपीयूएमएस,सैफई के दंत विज्ञान संकाय में फॉलो-अप हेतु परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाते हुए जनजागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ‘पैथोलॉजी ऑन व्हील्स’ जैसी पहल एवं नियमित आउटरीच कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Related Articles

Back to top button