सड़क हादसों में सात घायल: सभी रेफर

बलरई में दो बाइकों की भिड़ंत में चार घायल, बाजार में ऑटो की टक्कर से दो बहनें जख्मी, लुधपुरा में मां बेटा घायल

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलग अलग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

पहली घटना बलरई थाना क्षेत्र की लखेरे कुआं चौकी के पास इटावा-बाह मार्ग पर हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लखेरे कुआं चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल राहत कार्य कर घायलों इनाम सिंह 63 पुत्र हरिशंकर निवासी कीरतपुर, अंशु 17 पुत्र संजू, लोकेश 20 पुत्र अनिल तथा देव 18 पुत्र अनिल निवासी कांशीराम कॉलोनी, कचौरा बाईपास, को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। साथ ही उनके परिजनों को भी सूचना दी गई।

दूसरी घटना नगर के व्यस्त बाजार स्थित चौराहे पर हुई, जहां तेज रफ्तार ऑटो ने स्कूटी सवार दो बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में सोहा 17 और मुस्कान 22 पुत्रियां स्व. राजेश कुमार निवासी बरही टोला, इटावा घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

तीसरी घटना मोहल्ला लुधपुरा में हुई। फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी मीरा देवी 55 पत्नी राजपाल सिंह अपने 25 वर्षीय पुत्र दिलीप के साथ बाइक से दवा लेने आई थीं। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे मीरा देवी अपने पुत्र दिलीप सहित घायल हो गईं। उन्हें भी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर किया गया था जहाँ से परिजन फिरोजाबाद के लिए अपने साथ ले गए।

Related Articles

Back to top button