दर्दनाक हादसा: ट्रेन से कटकर श्रद्धालु महिला मौत

बलरई स्टेशन यार्ड के रस्ते ब्रह्माणी देवी मंदिर जा रही महिला की ट्रेन से कटकर हुई मौत

जसवंतनगर,इटावा। बलरई स्थित प्रसिद्ध ब्रह्माणी देवी मंदिर में दर्शन करने आई 60 वर्षीय महिला की डीएफसीसी (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद साथ चल रही महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र के ग्राम टीकरी निवासी शकुंतला देवी 60 पत्नी स्वर्गीय नवाब सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने गांव की अन्य महिलाओं के साथ टूंडला से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 64588 से बलरई रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। सभी महिलाएं वहां से ब्रह्माणी देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन यार्ड में डीएफसीसी रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक एक मालगाड़ी आ गई, जिसकी चपेट में आने से शकुंतला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के ईएमटी धीरेंद्र प्रताप ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसवंतनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि शकुंतला देवी के पति नवाब सिंह की करीब 25 वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। वह अपने पीछे एक पुत्र, चार विवाहित पुत्रियां और एक अविवाहित पुत्री को छोड़ गई हैं। श्रद्धा और आस्था के साथ मंदिर दर्शन के लिए निकली महिला की हादसे में मौत से गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Back to top button