लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें: न्यायिक मजिस्ट्रेट

जसवंतनगर,इटावा। नवागत एसडीएम न्यायिक डॉ.गणेश कुमार कनौजिया ने तहसील सभागार में अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में तहसील में लंबित एवं विचाराधीन राजस्व व न्यायिक मामलों के त्वरित,पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम न्यायिक डॉ.गणेश कुमार कनौजिया ने कहा कि न्यायालय में लंबित पुराने मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपेक्षा की कि वे न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी,पारदर्शी और सुगम बनाने में सकारात्मक सहयोग करें, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालय से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक विषयों पर अपने सुझाव और समस्याएं रखीं।
एसडीएम न्यायिक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिचय के दौरान उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वह दंत चिकित्सक के रूप में कार्य कर चुके हैं। जानकारी के अनुसार डॉ.गणेश कुमार कनौजिया का स्थानांतरण प्रयागराज से जसवंतनगर हुआ है,जहां उन्होंने हाल ही में एसडीएम न्यायिक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र गुप्ता, पी.सी.श्रीवास्तव,रविंद्र बाबू त्रिपाठी,तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, महामंत्री सौरभ चौहान, आदेश सविता,सोमेल सक्सेना,कोषाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह,रवि दीक्षित सहित सभी अधिवक्ताओं ने नवागत एसडीएम न्यायिक का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।



