हजारों कॉल और मैसेज, महिला कंडक्टर के प्यार में पागल; रिजेक्ट होने पर युवक बना हैवान
महोबा की दहशत: युवक ने कहा– शादी नहीं की तो पिता पर तेज़ाब फेंक दूंगा

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एकतरफा प्यार में पागल एक शख्स ने एक महिला कंडक्टर की ज़िंदगी बर्बाद कर दी। बार-बार शादी का दबाव बनाने से लेकर तेज़ाब से हमला करने की धमकी तक, इस युवक ने सारी हदें पार कर दीं। उसने युवती को 6,159 फ़ोन कॉल और 315 मैसेज करके परेशान किया। इससे दहशत के साये में घिरी युवती आखिरकार पुलिस के पास पहुँची।
ये प्रकरण चरखारी कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित युवती ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि मोहम्मद रईस नाम का एक युवक पिछले कुछ समय से उस पर शादी का दबाव बना रहा है। युवती महोबा में राज्य परिवहन निगम में कार्यरत है। शादी से इनकार करने पर आरोपी ने उस पर तेज़ाब से हमला करने और उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
उत्पीड़न से तंग आकर काम जान बंद कर दिया (UP Crime News)
पीड़ित युवती द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल किया है। उसने एक नंबर से 4,387 बार और दूसरे नंबर से 1,772 बार कॉल किया है। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकियों समेत 315 मैसेज भी भेजे गए हैं। निरंतर उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने काम पर जाना भी बंद कर दिया है।
ये भी पढ़ें-महिला को छत पर दिखे दो बदमाश, इलाके में दहशत का माहौल
बात यहीं नहीं रुकी। आरोपी रईस ने पीड़िता की कानपुर में रहने वाली बहन को भी फोन करके परेशान किया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने काम पर उसका बैग छीनने, जेल भिजवाने और किसी और से शादी करने पर उसके पिता पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। निरंतर मिल रही इन धमकियों के चलते पीड़िता को दहशत के साये में जीना पड़ रहा है। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।



