एआरपी की मासिक समीक्षा बैठक, वार्षिक परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा
शहर के विवेक नगर स्थित डायट में हुई बैठक

सुलतानपुर। शहर के विवेक नगर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मंगलवार को अमेठी जनपद के एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला समन्वयक प्रशिक्षण, डायट मेंटर तथा विभिन्न विकास खंडों के एआरपी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य फरवरी माह में किए गए शैक्षिक कार्यों, विद्यालयों के सुपरविजन तथा अन्य शैक्षिक बिंदुओं की समीक्षा करना था। इस दौरान विद्यालयों में संचालित गतिविधियों, निरीक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों तथा विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मार्च माह में प्रस्तावित शैक्षिक भ्रमण की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही परिषदीय विद्यालयों में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विशेष चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों व एआरपी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
नवागत जिला समन्वयक(प्रशिक्षण) गोविंद शुक्ला ने बैठक में डायट प्राचार्य व अमेठी जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी एआरपी को विद्यालयों के नियमित सुपरविजन, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य हरिकेश यादव, प्रवक्ता हरिओम त्रिपाठी, अखिलेश केसरवानी, राकेश मिश्रा, विनय श्रीवास्तव सहित अन्य डायट प्रवक्ता व एआरपी उपस्थित रहे।



