गृह कलह पर घर से निकली महिला की मौत
भरथना स्टेशन के प्लेटफार्म पर तड़पती मिली महिला

भरथना,इटावा। घरेलू विवाद के बाद घर से निकली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गंभीर हालत में तड़पती मिली थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतिका के जीजा बृजराज सिंह निवासी संजय गांधी मार्ग भरथना ने बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र के हलुपुरा,लुधियानी निवासी 48 वर्षीय वेद कुमारी पत्नी विश्राम 16 मार्च की शाम करीब 4 बजे घर में हुए विवाद के बाद गुस्से में बिना बताए घर से निकल गई थीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने 17 मार्च को बकेवर थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
बुधवार देर रात्रि करीब साढ़े 9 बजे भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर महिला गंभीर हालत में तड़पती हुई मिली। महिला को इस हालत में देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचा रेलवे प्रशासन महिला को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना लेकर पहुंचा। महिला के पर्स में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान वेद कुमारी के रूप में हुई।
बताया गया कि महिला के पास 200 एमएल की कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी मिली थी,जो आधी खाली थी, जिससे जहर खाने की आशंका और गहरा गई है।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ललित राजपूत ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को अपने साथ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के पुत्र राजीव ने बताया कि घर में विवाद के बाद उनकी मां घर से निकल गई थीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिलीं तो पुलिस में शिकायत दी गई थी। बाद में भरथना जीआरपी से सूचना मिली कि उनकी मां सीएचसी भरथना में भर्ती हैं।
डॉक्टर ललित राजपूत ने बताया प्रारंभिक जांच में जहर खाने की आशंका जताई है। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



