पोल से टूटी विद्युत एलटी केबल मामा-भांजी झुलसे

भरथना,इटावा l भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगला रतन सैंफी में शनिवार की शाम को घर के बाहर खड़े मामा-भांजी के ऊपर विद्युत पोल से बंधी केबल अचानक टूटकर गिर गई। केबल में करंट प्रवाहित होने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों को करंट की चपेट से बचाया।

ग्राम रतन निवासी राधेश्याम ने बताया कि उनके साले दयाराम 50 और पुत्री सुनीता 20 घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान विद्युत पोल से बंधी बिजली की केबल अचानक टूटकर दोनों के ऊपर गिर गई। केबल में करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों बुरी तरह झुलस गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों को करंट की चपेट से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि करंट लगने से दोनों काफी झुलस गए हैं। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button