बारावफात, रक्षाबंधन व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस कमिश्नर ने दिए विशेष निर्देश

गाजियाबाद। आगामी बारावफात, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं महत्वपूर्ण चौराहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पैदल गश्त, फुट पेट्रोलिंग एवं नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून एवं व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के लिए कहा गया है।
बारावफात के मद्देनजर गोवंशीय पशुओं से संबंधित घटनाओं की रोकथाम के लिए पहले से चिह्नित आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी समुदायों के धर्मगुरुओं, गणमान्य लोगों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया।
त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, शोभायात्रा एवं धार्मिक आयोजनों को लेकर आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित मार्ग और समय का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के आयोजन, जुलूस अथवा सार्वजनिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



