लोनी में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख के गहने बरामद

गाजियाबाद। थाना लोनी पुलिस ने शुक्रवार सुबह निठोरा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और तमंचा बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि शुक्रवार तड़के थाना लोनी पुलिस की टीम निठोरा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 20 अगस्त को गिरि मार्केट स्थित एक मकान में लाखों रुपये की चोरी करने वाला आरोपी बाइक से निठोरा अंडरपास की तरफ आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद पुलिस को सामने से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने बाइक मोड़कर पीछे की ओर भागने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, बाइक और चोरी किए गए करीब 50 लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि बरामद गहने 20 अगस्त को गिरि मार्केट स्थित मकान में हुई चोरी से संबंधित हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button