स्वयं सहायता समूह को सिखाई स्वगणना की प्रक्रिया

ब्लॉक सभागार में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, फील्ड ट्रेनरों ने कराया ऑनलाइन स्वगणना का अभ्यास

जसवंतनगर,इटावा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ब्लॉक सभागार जसवंतनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई गई।

जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में एडीओ देवेंद्र सिंह पाल ने महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं को स्वगणना के महत्व की जानकारी दी। फील्ड ट्रेनर मोहम्मद फुरकान और इंद्रपाल सिंह ने ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया, आवश्यक जानकारी भरने के तरीके और जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि स्वगणना के माध्यम से परिवार के सदस्य स्वयं अपनी और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर देश की जनसंख्या और परिवारों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाते हैं। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं को स्वगणना कराकर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। उनसे अपील की गई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करें, ताकि जनगणना कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button