आत्महत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने भेजा जेल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया नाह में करीब छह दिन पूर्व हुई युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 43 वर्षीय देवेंद्र कुमार पुत्र सुरेश चंद्र ने 29 नवंबर को अपने घर के आंगन में लगे जाल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतक के पिता ने गांव के ही युवक शिवम उर्फ लुक्की पुत्र विजेंद्र के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी।

परिजनों के मुताबिक आत्महत्या वाले दिन देवेंद्र खेत में खाद डाल रहा था, तभी शराब के नशे में शिवम उर्फ लुक्की वहां पहुंच गया। उसने देवेंद्र से पहले अपनी बात सुनने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शिवम ने देवेंद्र की पिटाई कर दी थी। मृतक के पिता सुरेश चन्द्र का कहना है कि इस अपमान और मानसिक तनाव से आहत होकर देवेंद्र ने घर पहुंचकर मौत को गले लगा लिया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिवम सिरहोल नहर पुल के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। इस पर पुलिस टीम तत्काल पहुंची और घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया। वैधानिक कार्रवाई कर गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया।

Related Articles

Back to top button